home page

निवेश के नाम पर 12.22 लाख की ठगी, पांच साइबर ठग गिरफ्तार

 | 
निवेश के नाम पर 12.22 लाख की ठगी, पांच साइबर ठग गिरफ्तार


नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले की साइबर थाना पुलिस ने निवेश के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान श्रीधर दिलीप इंगले (25), आर्चिर्यान गोरक्ष कांबले (21), अजीज मिरान शेख (25), प्रणव जालिंदर गुलदगड़ (24) और विशाल दुर्गादास बाचल (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 6 मोबाइल फोन और 35 बैंक खातों का विवरण बरामद किया है, जिनका इस्तेमाल ठगी में किया जा रहा था।

दक्षिण-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने शनिवार को बताया कि अरुणाचल प्रदेश निवासी एक व्यक्ति, जो वर्तमान में दिल्ली में रह रहा है, ने 4 सितंबर 2025 को शिकायत दी थी कि उसे ‘नेक्स्ट बिलियन टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड’ नामक फर्जी कंपनी के जरिए शेयर बाजार में निवेश का लालच दिया गया। आरोपित महिला और उसके साथियों ने उच्च मुनाफे का झांसा देकर उससे 12,22,670 रुपये निवेश करवा लिए। बाद में कंपनी फर्जी निकली और शिकायतकर्ता को ठगी का एहसास हुआ।

मामले में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और बैंक लेनदेन की पड़ताल में आरोपितों के महाराष्ट्र से जुड़े होने का पता चला। पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के श्रीरामपुर में छापा मारकर मुख्य आरोपी श्रीधर को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर अन्य चार आरोपितों को भी अलग-अलग स्थानों से दबोच लिया गया।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि वे कमीशन के बदले ‘म्यूल बैंक अकाउंट’ उपलब्ध कराते थे। ये खाते साइबर ठगी करने वाले गिरोहों को दिए जाते थे, जिनके जरिए देशभर में लोगों से ठगी की जाती थी। इस नेटवर्क का एक सदस्य दुबई में बैठा बताया जा रहा है, जो इन खातों के जरिए ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर करता था। जांच में सामने आया है कि आरोपितों के बैंक खातों के जरिए कई करोड़ रुपये के लेनदेन हुए हैं और ये गिरोह देशभर में 18 से अधिक शिकायतों से जुड़ा हुआ है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी