वेलकम में चाकू की नोक पर दो बहनों से मोबाइल फोन लूटे, पुलिस ने बनाई दो टीमें
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में बाजार से खरीदारी कर मेट्रो से घर लौट रही दो बहनों से चाकू की नोक पर मोबाइल फोन लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाश ने एक बहन की गर्दन पर चाकू रखकर दोनों के मोबाइल फोन छीन लिए और फरार हो गया। वेलकम थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित की तलाश में पुलिस ने दो टीमें गठित की हैं।
पुलिस के मुताबिक, 21 वर्षीय अदीबा न्यू जाफराबाद इलाके में परिवार के साथ रहती हैं और एमकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। आठ अक्टूबर को वह अपनी छोटी बहनों 18 वर्षीय अलीमा और 19 वर्षीय इरम के साथ सीलमपुर बाजार में खरीदारी करने गई थीं।
खरीदारी के बाद तीनों मेट्रो से न्यू जाफराबाद स्टेशन पहुंचीं और वहां से पैदल घर जा रही थीं। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और चाकू दिखाकर अदीबा तथा अलीमा से मोबाइल फोन मांगने लगा।
शिकायत के अनुसार, अदीबा ने घबराकर शोर मचाया तो आरोपित ने उनकी गर्दन पर चाकू रख दिया। इसके बाद वह दोनों बहनों के मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। वारदात के समय तीसरी बहन इरम उनसे कुछ पीछे चल रही थीं और इस वजह से वह लूटपाट का शिकार होने से बच गईं।
घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपित की पहचान करने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

