home page

ऑपरेशन मिलाप: दो माह में 193 लापता बच्चों व वयस्कों को परिवार से मिलाया

 | 
ऑपरेशन मिलाप: दो माह में 193 लापता बच्चों व वयस्कों को परिवार से मिलाया


नई दिल्ली, 03 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए लापता लोगों को उनके परिवारों से मिलाने का सराहनीय कार्य किया है। फरवरी माह (01 फरवरी से 28 फरवरी 2026) के दौरान पुलिस ने 118 लापता लोगों को तलाश कर सुरक्षित उनके परिजनों को सौंपा। इनमें 31 नाबालिग बच्चे और 87 वयस्क शामिल हैं। वहीं इस वर्ष 01 जनवरी से 28 फरवरी 2026 तक कुल 193 लापता व्यक्तियों (59 नाबालिग व 134 वयस्क) को तलाश कर परिवारों से मिलाया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार किसी व्यक्ति के लापता होने की सूचना मिलते ही संबंधित थाने की टीम ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, ऑटो और ई-रिक्शा स्टैंड, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर फोटो दिखाकर पूछताछ की गई। बस चालकों, परिचालकों और स्थानीय दुकानदारों से भी जानकारी जुटाई गई। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और आसपास के थानों व अस्पतालों के अभिलेखों की भी जांच की गई।

थाना-वार बरामदगी का ब्यौरा इस प्रकार है

थाना वसंत विहार: 9 लापता (2 पुरुष, 7 महिलाएं)

थाना आर.के. पुरम: 1 नाबालिग बालक व 6 अन्य लापता

थाना साउथ कैंपस: 2 नाबालिग बालिकाएं व 1 पुरुष

थाना वसंत कुंज नॉर्थ: 2 नाबालिग बालिकाएं व 7 अन्य

थाना वसंत कुंज साउथ: 3 नाबालिग (1 बालक, 2 बालिकाएं) व 6 अन्य

थाना कापसहेड़ा: 9 नाबालिग (1 बालक, 8 बालिकाएं) व 15 अन्य

थाना पालम विलेज: 6 नाबालिग (1 बालक, 5 बालिकाएं) व 11 अन्य

थाना सागरपुर: 5 नाबालिग बालिकाएं व 11 अन्य

थाना दिल्ली कैंट: 1 महिला

थाना सरोजिनी नगर: 4 लापता

थाना एस.जे. एन्क्लेव: 1 नाबालिग बालिका व 13 अन्य

थाना किशनगढ़: 2 नाबालिग बालिकाएं व 3 अन्य।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन मिलाप के तहत संवेदनशीलता और पेशेवर तरीके से जांच कर इन सभी को सकुशल बरामद किया गया। दक्षिण-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि लापता बच्चों और व्यक्तियों को सुरक्षित घर पहुंचाना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा, ताकि किसी भी परिवार को अपने प्रियजनों की तलाश में लंबा इंतजार न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी