home page

रोहिणी जेल में कैदी की चाकू गोदकर हत्या

 | 

नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली की रोहिणी जेल में सोमवार को एक कैदी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 31 वर्षीय प्रदीप उर्फ मोहिंदर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, वह तुलसी राम का बेटा था और केंद्रीय जेल नंबर-10 की बैरक नंबर-203 में न्यायिक हिरासत में बंद था। सोमवार को बैरक लौटते समय दो साथी कैदियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उसकी गर्दन पर गंभीर चोट आई। वारदात के बाद गंभीर हालत में उसे बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद समयपुर बादली थाना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एसएचओ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने केंद्रीय जेल नंबर-10 का निरीक्षण किया। इसके अलावा अस्पताल पहुंचकर मृतक का एमएलसी भी कब्जे में लिया गया है। जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वारदात की पूरी तस्वीर साफ हो सके और हमलावरों की भूमिका की पुष्टि की जा सके।

पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में दो साथी कैदियों के हमले में प्रदीप की मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार, हमले के कारण और आरोपित कैदियों की भूमिका की जांच कर रही है। जेल प्रशासन से भी घटना से जुड़ी जानकारी ली जा रही है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार