दिल्ली–देहरादून कॉरिडोर पर हादसा, दो युवकों की मौत और तीन घायल
बागपत, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत के खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली–देहरादून कॉरिडोर पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ईंट ढोने वाला ट्रक अज्ञात वाहन से टकरा गया। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक मृतक युवक बागपत जिले का निवासी है।
मृतकों की पहचान आरिफ (निवाड़ा) और मुनफेद (सहारनपुर) के रूप में हुई है। ये दोनों ईंट ढोने वाले ट्रक पर काम करते थे। जानकारी मिली है कि ट्रक दिल्ली से ईंट खाली कर वापस बागपत लौट रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। कोतवाली प्रभारी खेकड़ा प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि पुलिस को दिल्ली देहरादून हाइवे पर हादसे की सूचना मिली थी। मोके पर दो वाहन क्षतिग्रस्त मिले। दो युवकाें की मौके पर मौत हो गयी जबकि तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज चल रहा है और हादसे की जांच चल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

