गीताकॉलोनी फ्लाईओवर के पास ऑटो रोककर डेढ़ करोड़ लूटे, बाइक सवार तीन बदमाश फरार
नई दिल्ली, 09 सितंबर (हि.स.)। गीताकॉलोनी फ्लाईओवर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर ऑटो रुकवाकर डेढ़ करोड़ रुपये से भरा बैग लूट लिया। वारदात सोमवार शाम करीब 7:30 बजे आउटर रिंग रोड पर हुई। वारदात के बाद आरोपित आइटीओ की तरफ फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद दरियागंज थाना पुलिस ने मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी हैं।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अपने एक सहकर्मी के साथ ऑटो में सवार होकर चांदनी चौक से सफदरजंग एन्क्लेव जा रहा था। दोनों के पास एक बैग में करीब 1.5 करोड़ रुपये की नकदी थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, यह रकम उसके नियोक्ता की थी। वह चांदनी चौक में भुगतान वसूली और सामान पहुंचाने का काम करता है।
जैसे ही ऑटो गीताकॉलोनी फ्लाईओवर के पास पहुंचा, मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने ऑटो को रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों में से एक ने हथियार निकालकर शिकायतकर्ता और उसके साथी को धमकाया। इसके बाद बदमाश नकदी से भरा बैग छीनकर मोटरसाइकिल से आइटीओ की तरफ भाग गए। अचानक हुई वारदात से पीड़ित और उसका साथी सकते में आ गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने पहले से रेकी की होगी और उन्हें नकदी ले जाने की जानकारी रही होगी। ऐसे में शिकायतकर्ता के आने-जाने के रास्ते और उसके काम से जुड़े लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस मामले में दरियागंज थाने में एफआईआर संख्या 329/2026 दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के अलावा बदमाशों के भागने वाले रास्ते की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस मैनुअल इनपुट के जरिए भी आरोपितों की पहचान का प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

