home page

दीपिका नागर की दहेज के लिए हुई हत्या मामले में आरोपित चचिया ससुर गिरफ्तार

 | 
दीपिका नागर की दहेज के लिए हुई हत्या मामले में आरोपित चचिया ससुर गिरफ्तार


नोएडा, 14 जून (हि.स.)। थाना ईकोटेक तीन क्षेत्र के जलपुरा गांव में 24 वर्षीय नव विवाहित दीपिका नागर की कथित रूप से दहेज के लिए हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे उसके चचिया ससुर को पुलिस ने आज गिरफ्तार किया है।

थाना ईकोटेक -3 के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने रविवार काे बताया कि 24 वर्षीय दीपिका नागर की 17 मई की रात को छत से गिरने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया था। उनका आरोप था कि दहेज में फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये की मांग पूरी न करने पर दीपिका की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतका के पति ऋतिक, उनके पिता मनोज प्रधान सहित कई लोगों को नामित करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उन्होंने बताया कि इस मामले में फरार चल रहे मृतका के चचिया ससुर प्रमोद पुत्र जयचंद को थाना ईकोटेक -3 पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतका के पति समेत आधा दर्जन लोगों की गिरफ्तारी पूर्व में हो चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी