home page

दहेज हत्या के मामले में आरोपित चचिया ससुर गिरफ्तार

 | 
दहेज हत्या के मामले में आरोपित चचिया ससुर गिरफ्तार


नोएडा, 20 मई (हि.स.)। गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा अंतर्गत थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने दहेज के लिए हुई विवाहिता की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपित चचिया ससुर को बुधवार गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने बुधवार को एक सूचना के आधार पर दहेज के लिए हुई विवाहिता दीपिका नागर की हत्या के मामले में वांछित चल रहे चचिया ससुर विनोद पुत्र जयचंद निवासी ग्राम जलपुरा को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मृतका के ससुर मनोज व पति रितिक को पुलिस ने 18 मई को गिरफ्तार किया था। इस दहेज हत्या के मामले में वांछित अन्य लोगों की पुलिस तलाश कर रही है।

उल्लेखनीय है कि बीते रविवार की देर रात को जलपुरा गांव में ब्याही दीपिका की छत से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसके परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाना ईकोटेक तीन में पति समेत ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज करवाया है। मृतका के परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बुलडोजर कार्रवाई करने और एनकाउंटर करने की मांग की है। उसकी 14 माह पूर्व ही शादी हुई थी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी