home page

लापता युवक का पुलिया के नीचे मिला शव, परिजनाें ने जताई हत्या की आशंका

 | 
लापता युवक का पुलिया के नीचे मिला शव, परिजनाें ने जताई हत्या की आशंका


हमीरपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मझगवां थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता युवक का शव शुक्रवार को पुलिया के नीचे पानी में मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजन युवक की हत्या की आशंका जता रहे हैं। जबकि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को मझगवां थाना क्षेत्र के अटगांवदृसरगांव मार्ग पर स्थित शराब ठेके के पास स्थित पुलिया के नीचे पानी में एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर पुलिस फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को पानी से बाहर निकलवाया गया। मृतक की पहचान योगेंद्र नायक उर्फ हल्लू (45) पुत्र लक्ष्मी प्रसाद निवासी ग्राम अटगांव थाना मझगवां के रूप में हुई। वह पिछले दो दिनों से लापता था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।

परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी राठ राजीव प्रताप सिंह ने शुक्रवार को शाम बताया कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा