home page

कमरे में मृत मिला सिपाही का शव, जांच में जुटी पुलिस

 | 

बागपत, 25 अगस्त (हि.स.)। बागपत जनपद के सिसाना गांव में डेढ़ साल से किराये के मकान में रह रहे हेड कॉन्स्टेबल की मौत हो गयी। उनका शव मकान में पड़ा मिला है। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

घटना बागपत कोतवाली क्षेत्र में कलेक्ट्रेट के पास सिसाना गांव दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे के पास की है। यहां हेड कॉन्स्टेबल सुभाष किराए के मकान में रह रहा था। मंगलवार की सुबह उसका शव मकान में पड़ा मिला है। घटना की सूचना मिलते ही बागपत कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी । उच्चाधिकारी भी तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

कोतवाल मनोज चाहल का कहना है कि सिपाही सुभाष बुलन्दशहर के रहने वाले थे और वर्तमान में पुलिस लाइन में उनकी ड्यूटी थी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। प्रथमदृष्तया देखने पर लगता है कि पैर फिसलकर गिरने से सिर में चोट लगने से सिपाही की मौत हुई है। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सही जानकारी हो पाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी