बुलंदशहर-अनूपशहर हाईवे किनारे महिला की लाश मिली
बुलंदशहर, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र में शनिवार काे बुलंदशहर-अनूपशहर हाईवे किनारे एक महिला की लाश मिली। उसके तन पर कपड़े नहीं थे। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या की गई है।फिलहाल पुलिस ने शव काे पाेस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक (देहात) अंतरिक्ष जैन ने बताया कि यह मामला गांव सलगवां के पास का है, जहां एक महिला की लाश बिना कपड़े के मिली है। शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी ग्रामीण समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक व स्वाट टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
एसपी देहात ने बताया कि महिला के शव की शिनाख़्त अभी नही हो पाई है। शव काला पड़ गया था और कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। सीसीटीवी समेत पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Pawan Sharma

