home page

नाले में मिला अधेड़ का शव, हत्या की आशंका

 | 
नाले में मिला अधेड़ का शव, हत्या की आशंका


प्रयागराज, 10 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में थरवई थाना क्षेत्र के जगदीशपुर पूरेचंदा गांव में बुधवार सुबह एक अधेड़ का शव घर के पास नाले में पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सहायक पुलिस आयुक्त ने अरुण परासर ने बताया कि जगदीशपुर पूरेचंदा निवासी राम गोपाल पाल (55) मंगलवार शाम घर से कछार क्षेत्र में पशुओं को लेने गए थे। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह उनका शव घर के समीप नाले में देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक के दोनों पैरों पर चोट जैसे निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला किसी जहरीले जंतू के काटने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि राम गोपाल पूरी तरह स्वस्थ थे और पशुओं को लेने गए थे, ऐसे में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की गहन जांच होनी चाहिए।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल