भदेसर के जंगल में कुएं से मिला सड़ा-गला शव, लापता पप्पू भील का होने की आशंका
चित्तौड़गढ़, 28 अप्रैल (हि.स.)। जिले के भदेसर थाना क्षेत्र के भील गट्टी स्थित जंगल में एक कुएं से शनिवार को सड़ा-गला शव मिला है। शव कई दिन पुराना होने के कारण पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका है। आशंका है कि यह शव लड़ेर गांव निवासी लापता युवक पप्पू भील का है। गांव में चर्चा है कि पप्पू की हत्या कर शव कुएं में फेंका गया है।
भदेसर थानाधिकारी विनोद मेनारिया ने बताया कि पप्पू भील पिछले कुछ दिनों से लापता था। माता-पिता की मौत हो चुकी है और पत्नी भी उसे छोड़ कर जा चुकी थी। गांव में किसी से ज्यादा लेना-देना नहीं होने से उसके लापता होने पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। पुलिस को सूचना मिली कि पप्पू भील की किसी ने हत्या कर शव कुवे में डाल दिया। इस पर पुलिस ने अपने स्तर पर जांच शुरू की। तलाशी के दौरान भील गट्टी के जंगल में एक कुएं से दुर्गंध आ रही है। इस पर पुलिस ने छानबीन कर कुएं की तलाश की। सिविल डिफेंस की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम की मदद से कुएं से शव बाहर निकाला गया। शव बुरी तरह सड़ चुका था।सीआई मेनारिया ने बताया कि शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। शव की शिनाख्त के लिए डीएनए सेंपल भी लिया जाएगा। पुलिस थाने में पप्पू भील के काका माधु भील ने रिपोर्ट दी है। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है। काका माधु भील की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गांव में पूछताछ एवं जांच में गांव के ही एक युवक का नाम आया था। पुलिस इसके घर भी पहुंची लेकिन वह लापता हो गया है। ऐसे में पुलिस इसकी भी तलाश में जुटी है। मौके पर सिविल डिफेंस के रतन लाल भोई, रामलाल भोई, रामेश्वर भोई, हेमंत भोई व पवन शर्मा की टीम ने शव निकाला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

