अनूपपुर: खेत में बने खंडहर मकान में युवती का सड़ा-गला शव मिला, खेत मालिक ने देखा
अनूपपुर, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम गुंवारी में खंडहरनुमा मकान में अज्ञात युवती का सड़ा-गला शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
एसडीओपी अनूपपुर नवीन तिवारी ने सोमवार को बताया कि रविवार की शाम सुबह खेत मालिक और रिटायर्ड फौजी रामखेलावन राठौर अपने खेत गए थे। उन्हें अपने खेत में बने पुराने खंडहरनुमा मकान से दुर्गंध महसूस हुई। पास जाकर देखने पर उन्हें शव दिखाई दिया, जिसके बाद उन्होंने गांव लौटकर ग्रामीणों को सूचना दी। पुलिस को घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पास में पड़े एक पर्स की जांच की। पर्स में एक कागज की पर्ची पर 'काजल पुरी' नाम लिखा मिला। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बावजूद युवती के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली।
फॉरेंसिक टीम ने बताया शव कई दिन पुराना
फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने शव को कई दिन पुराना बताया। पुलिस ने पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर रात 9 बजे शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी के पोस्टमार्टम कक्ष में सुरक्षित रखवा दिया है।
पुलिस के अनुसार, पर्ची में लिखे नाम 'काजल पुरी' से युवती की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। हालांकि, काजल पुरी पुत्री सुक्खीराम पनिका, ग्राम लपटा से 17 फरवरी से लापता है, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। पुलिस ने संबंधित परिजनों को शव की पहचान के लिए आ चुके हैं। परिजनों की पहचान के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल, पुलिस मामले के अन्य तथ्यों पर जानकारी जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

