20 साल बाद मुर्दा जिंदा लौटा ससुराल,ससुराल वाले देख रह गये दंग
अररिया 06 जुलाई(हि.स.)। बिहार में अररिया जिले के फारबिसगंज के बसगड़ा रामपुर में 20 साल बाद मुर्दा जिंदा वापस ससुराल लौटा तो ससुराल वाले उसे देखकर दंग रह गए।
पत्नी सहित ससुराल वालों ने युवक को मृत समझ लिया था। युवती ससुराल में ही रहने लगी थी और इस दौरान पुत्र की शादी भी कर दी गई। जिसे जानकर 20 साल बाद लौटा युवक भी हैरान रह गया। 20 साल बाद जिंदा देखकर सुपौल जिला के वीरपुर वार्ड संख्या 5 किसान चौक के रहने वाले मो आलमगीरी और गुड्डू पिता मो रुस्तम की जमकर खातिरदारी हुई।
ससुराल के सभी सदस्य जमकर मेहमानवाजी की। एक सप्ताह ससुराल में रहने के बाद आठवें दिन आलमगीरी उर्फ गुड्डू ससुराल से रुपये और गौशाला में रखे बाइक की चोरी कर भाग गया और एक साल पहले घूरना में कैली खातून के घर पर रहने लगा।आलमगीरी ने घूरना में कैली खातून से दूसरी शादी एक साल पहले की।जबकि आलमगीरी उर्फ गुड्डू ने 22 वर्ष पूर्व बसगड़ा रामपुर में मो.मुस्लिम की बेटी जुलेखा खातून से शादी की थी।
इधर बसगड़ा रामपुर में गौशाला से हुए बाइक की चोरी को लेकर पीड़ित मो मुस्लिम ने फारबिसगंज थाना में कांड संख्या 419/26 दिनांक 03.07.26 दर्ज करवाया। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान का सहारा लिया तो घूरना से आलमगीरी उर्फ गुड्डू को हिरासत में लिया। पूछताछ के क्रम में उन्होंने ससुराल से रुपये चुराने और मोटरसाइकिल चोरी की घटना को स्वीकार किया और पुलिस को बताया कि मधुबनी फुलपरास में हाइवे में सड़क के किनारे मोटरसाइकिल खड़ा कर वहां से वह लौटा है। जिस पर फारबिसगंज थाना पुलिस उन्हें लेकर जब फुलपरास पहुंची तो सड़क के किनारे चोरी हुई बाइक को खड़ा पाया और गाड़ी को जब्त कर आलमगीरी उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया।
मामले की पुष्टि फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने भी की है। उन्होंने बताया कि फारबिसगंज थाना कांड संख्या 419/26 दिनांक 03.07.2026 धारा 303(2) बीएनएस में चोरी सुपर स्पलेंडर मोटरसाइकिल के साथ संलिप्त मो. आलमगीरी उर्फ गुडु पिता रुस्तम सकिन बीरपुर किसान चौक वार्ड नंबर 05 थाना वीरपुर जिला सुपौल को गिरफ्तार किया गया है।उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि आलमगीरी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए पूरे वाकये की जानकारी दी।बाइक चोरी के आरोप में आलमगीरी उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

