शादी के आठ महीने बाद संदिग्ध हालात में मिली नवविवाहिता का शव, जांच में जुटी पुलिस
नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर गांव स्थित एक मकान में 21 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर की चौथी मंजिल पर सोफे पर पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस, फोरेंसिक टीम और कार्यपालक मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार, गुुरुवार दोपहर करीब तीन बजे गाजीपुर गांव की गोपाल गली स्थित एक मकान में महिला के मृत मिलने की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से थाना पांडव नगर औद्योगिक क्षेत्र (पीआईए) को मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मृतका की पहचान खुशी (21) के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि खुशी की शादी अक्टूबर 2025 में 26 वर्षीय तरुण से हुई थी। घटना के समय घर में मृतका का देवर सुमित (23) भी मौजूद था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) और क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य व नमूने एकत्र कर वैज्ञानिक जांच के लिए सुरक्षित कर लिए हैं। कार्यपालक मजिस्ट्रेट ने भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक पूछताछ की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

