home page

जहरीला पदार्थ निगलने वाली नवविवाहिता ने अस्पताल में तोड़ा दम

 | 

नाहन, 26 सितंबर (हि.स.)।सिरमौर जिले के जमटा में संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगलने वाली 21 वर्षीय नवविवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। करीब दो सप्ताह तक नाहन स्थित डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में गंभीर हालत में उपचाराधीन रहने के बाद निशा ने शुक्रवार शाम दम तोड़ दिया। वह लगातार ऑक्सीजन सपोर्ट पर थी।

जानकारी के अनुसार नाहन के बनेठी क्षेत्र के बोहल गांव की रहने वाली निशा पुत्री राजेंदर सिंह की शादी जमटा के ग्रहां गांव निवासी विक्रम सिंह के साथ हुई थी। गत 11 सितंबर को निशा ने अपने ससुराल जमटा में संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया था। तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे उपचार के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार शुरू किया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर निशा के बयान भी दर्ज किए थे।

पुलिस के अनुसार, बयान में 21 वर्षीय निशा ने बताया था कि उसने अपनी मर्जी से यह कदम उठाया है। हालांकि, उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया या इसके पीछे कोई अन्य कारण था या नहीं, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।

करीब दो सप्ताह तक चले उपचार के बाद शुक्रवार शाम निशा की मौत हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर नरेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर