राजगढ़ : तेज रफ्तार बस गिट्टी के ढेर पर चढ़ी, तीन वर्षीय मासूम की मौत, 12 यात्री घायल
राजगढ़, 24 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झांसी से इंदौर जा रही हंस ट्रेवल्स की तेज रफ्तार बस ग्राम गादिया स्कूल के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पड़े गिट्टी के ढेर पर चढ़ गई।
हादसे में बस में सवार तीन वर्षीय अहमद पुत्र सोयब खान निवासी इंदौर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 12 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार बस झांसी से इंदौर की ओर जा रही थी। ग्राम गादिया स्कूल के पास अचानक चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन सड़क किनारे बने गिट्टी के ऊंचे ढेर से टकरा गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल नरसिंहगढ़ भेजा गया। मृत बालक के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
घायलों में मुन्नालाल (79) निवासी झांसी, बालूसिंह (60) निवासी इंदौर, जयंतीबाई (53) निवासी उरई, सुनीता (42) निवासी खजूरी, रामप्रसाद (50) निवासी देवास, रंजना (24) निवासी उरई, प्रतिमा (45) निवासी इंदौर, रजिया (25) निवासी इंदौर, अवधेश (50) निवासी विलोरा, रंजना (22) निवासी विलोरा, रामप्रताप (40) निवासी देवास, सुनीता (56) निवासी देवास और मेहरवान सिंह (35) निवासी सालिया शामिल हैं।
पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

