home page

निर्माणाधीन शौचालय के गड्ढे में गिरा तीन वर्षीय बालक, उपचार के दौरान मौत

 | 
निर्माणाधीन शौचालय के गड्ढे में गिरा तीन वर्षीय बालक, उपचार के दौरान मौत


राजगढ़, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में खुजनेर थाना क्षेत्र के ग्राम चैंसला में निर्माणाधीन शौचालय के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में गिरने से तीन वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसा सोमवार देर शाम हुआ। परिजन बालक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार ग्राम चैंसला निवासी राधेश्याम वर्मा का तीन वर्षीय बेटा विवेक सोमवार शाम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह घर के पास निर्माणाधीन शौचालय के लिए खोदे गए गड्ढे में जा गिरा। बताया गया है कि गड्ढा खुला हुआ था और उसमें पानी भरा था।

हादसे के समय आसपास कुछ बच्चे भी खेल रहे थे। बालक के गड्ढे में गिरने के बाद बच्चों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और विवेक को बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।

बालक की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी। मंगलवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों के साथ ही निर्माणाधीन शौचालय के लिए खोदे गए खुले गड्ढे और उसमें पानी भरे होने की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक