राजगढ़: सल्फर से भरा टैंकर पलटा, मंदिर क्षतिग्रस्त; चालक की मौत
राजगढ़, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा-सिरोंज राजमार्ग पर ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा जोड़ के समीप सल्फर से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित हनुमान मंदिर से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में मंदिर का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि गर्भगृह में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा सुरक्षित रही। दुर्घटना में टैंकर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात बीना रिफाइनरी से नागदा की ओर जा रहा टैंकर अचानक नियंत्रण खो बैठा और मंदिर से टकरा गया। टक्कर के बाद टैंकर पलट गया, जिससे उसमें भरा सल्फर बाहर फैलने लगा। इसके कारण आसपास के क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
हादसे में चालक सूर्यपाल पासी निवासी बड़ोदरा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। मशीनों की मदद से चालक के शव को टैंकर से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल भेजा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है।
पुलिस ने घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था करते हुए लोगों को दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही सल्फर रिसाव को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

