राजगढ़ःहम्माल ने खाया जहरीला पदार्थ, इलाज के दौरान मौत
राजगढ़, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के भैंसाटोल मोहल्ले में रहने वाले एक 50 वर्षीय व्यक्ति की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। रविवार सुबह गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार भैंसाटोल निवासी जगदीश (50) पुत्र गोरेलाल अहिरवार ने अपने घर पर अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल नरसिंहगढ़ सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक मृतक मंडी में हम्माली का काम करता था और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी और दो छोटी बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि जगदीश शराब पीने का आदी था। आशंका जताई जा रही है कि उसने नशे की हालत में जहरीला पदार्थ खा लिया हो, हालांकि इसके पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

