home page

राजगढ़ः खेत में भिंडी तोड़ते समय जहरीले जंतु के काटने से किसान की मौत

 | 
राजगढ़ः खेत में भिंडी तोड़ते समय जहरीले जंतु के काटने से किसान की मौत


राजगढ़, 03 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बहादुरपुरा में बुधवार दोपहर खेत पर काम कर रहे एक किसान की जहरीले जंतु के काटने से मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा कर मामले में जांच शुरु की।

जानकारी के अनुसार ग्राम बहादुरपुरा निवासी मदनलाल (45) पुत्र गोरेलाल तंवर दोपहर में अपने खेत में भिंडी की फसल से सब्जी तोड़ रहे थे। इसी दौरान उन्हें किसी जहरीले जंतु ने काट लिया। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य घटना समझा, लेकिन कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और वे अचेत हो गए। परिजनों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मदनलाल को किस प्रकार के जहरीले जंतु ने काटा था। जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक