राजगढ़ः करंट की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवक की मौत
राजगढ़, 1 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कुरावर थाना क्षेत्र के ग्राम झुमका में शनिवार की रात घर की लाइट सुधारने के दौरान 19 वर्षीय युवक की बिजली के तारों की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
पुलिस के अनुसार बीती रात ग्राम झुमका निवासी 19 वर्षीय सरजीवन पुत्र हजारीलाल वर्मा घर की लाइट सुधारने के दौरान बिजली के तारों की चपेट में आ गया, गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि युवक अपने पिता का इकलौता बेटा था, तीन-चार साल पूर्व उसके बड़े भाई की दिमागी बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इस घटना से परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर छा गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

