विवाहिता की संदिग्ध मौत: मायके वालों का आरोप- 'दहेज के लिए पीट-पीटकर मार डाला'
भागलपुर, 09 सितंबर (हि.स.)।
जिले के बाईपास थाना क्षेत्र स्थित सन्हौली गांव में बुधवार को दहेज के दानव ने एक और विवाहिता की बलि ले ली। विवाहिता बीबी रेशमा (पति मोहम्मद सोहेल) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतका की मां, बीबी हाजरा खातून ने ससुराल पक्ष पर अपनी बेटी की पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना के बाद से मृतका के मायके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतका की मां बीबी हाजरा खातून ने रोते-बिलखते हुए बताया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल वालों द्वारा कम दहेज लाने के ताने दिए जाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि रेशमा को हमेशा दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और अक्सर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
इसी प्रताड़ना के बीच अचानक उसकी मौत की खबर सामने आई, जिससे मायके पक्ष के लोग स्तब्ध हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह क्या है, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

