अंबिकापुर : जंगली सुअर के शिकार के लिए बिछाया गया करंट जाल बना मौत का कारण, 6 आरोपित गिरफ्तार
अंबिकापुर, 26 मार्च (हि.स.)। सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र में जंगली सुअर के शिकार के लिए लगाए गए अवैध करंट जाल ने एक व्यक्ति की जान ले ली। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 मार्च को चापकछार तेंदुपारा कापू निवासी जयप्रकाश यादव ने थाना कमलेश्वरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके जीजा मिश्रालाल यादव जंगल में रवई दिखाने गए थे। इसी दौरान वे आगे-आगे चलते हुए अचानक जमीन पर गिर पड़े और छटपटाने लगे। पास जाकर देखा गया तो उनके शरीर में एक नंगा तार लिपटा हुआ था, जिसमें विद्युत करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जांच में सामने आया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बिजली के खंभे से अवैध हुकिंग कर पतले नंगे तार के जरिए पूरे जंगल में करंट फैलाया गया था, ताकि जंगली सुअर का शिकार किया जा सके। इसी घातक जाल की चपेट में आने से मिश्रालाल यादव की मौत हो गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सरगुजा रेंज के डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में जयपाल तिर्की, विश्वनाथ मांझी, धुरसाय मांझी, श्याम सुंदर कुजूर, निर्मल उर्फ गेद्दा कुजूर और जहूर साय शामिल हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने मिलकर जंगल में लकड़ी की खूंटियां गाड़कर तार बिछाया और बिजली के खंभे से अवैध रूप से हुकिंग कर करंट प्रवाहित किया था।
घटना की रात करीब 9 बजे गांव की बिजली गुल होने और आसपास हलचल बढ़ने पर आरोपित मौके से फरार हो गए थे। बाद में घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने सघन जांच कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और लाल रंग का विद्युत तार भी जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 105 बीएनएस और विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत अपराध दर्ज कर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना कमलेश्वरपुर की पुलिस टीम और वन विभाग के अधिकारियों की अहम भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

