अंडे के पैसों को लेकर विवाद, हमले से भागा युवक नाले में गिरा; मौत
जबलपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में गोराबाजार थाना क्षेत्र के तिलहरी स्थित डी-मार्ट के पास शनिवार रविवार की दरमियानी रात अंडे के रुपयों को लेकर हुए विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। दुकानदार और उसके साथियों के हमले से बचकर भाग रहा युवक अंधेरे में खंदारी नाले में जा गिरा। नाले में डूबने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गोराबाजार निवासी अर्जुन के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक अर्जुन अपने दोस्त रूपेंद्र के साथ रात करीब 12 बजे तिलहरी डी-मार्ट के समीप सिकंदर की दुकान पर अंडे खाने पहुंचा था। अंडे खाने के बाद रुपयों के लेनदेन को लेकर अर्जुन और दुकानदार सिकंदर के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और सिकंदर के तीन साथी भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सिकंदर और उसके साथियों ने अर्जुन और रूपेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी।
हमले से बचने के लिए दोनों युवक मौके से भागे। अर्जुन सड़क पार कर आगे की ओर भागा, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसे रास्ता दिखाई नहीं दिया और वह खंदारी नाले में जा गिरा। नाले में पानी अधिक होने के कारण वह डूब गया।
अर्जुन को नाले में गिरते देख उसका साथी रूपेंद्र घबरा गया और सीधे गोराबाजार थाने पहुंचा। उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नाले में युवक की तलाश शुरू कराई गई।
करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने अर्जुन को नाले से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। अर्जुन का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल भी बना रहा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अर्जुन और रूपेंद्र के साथ मारपीट करने के आरोप में तीन युवकों को देर रात ही अभिरक्षा में ले लिया। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत अंडे के रुपयों के लेनदेन को लेकर हुई थी। इसके बाद सिकंदर और उसके साथियों ने दोनों युवकों पर हमला किया, जिसके बाद भागते समय अर्जुन नाले में गिर गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

