जबलपुर : तालाब में डूबने से युवक की मौत, तलाश के बाद मिला शव
जबलपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम गुनहरु (मोहसाम) में तालाब में डूबने से एक 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सागर कोल पुत्र फूलचंद्र कोल के रूप में हुई है।
परिवार के अनुसार, सागर शनिवार को घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, तभी पता चला कि उसे गांव के पास स्थित तालाब की ओर जाते हुए देखा गया था।
सूचना मिलने पर सिहोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद रविवार सुबह सागर का शव तालाब से बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सागर शौच के लिए तालाब गया था, जहां पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। रविवार को ही पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

