home page

तार चोरी के दौरान करंट से हुई थी मौत, छिपाने के लिए फेंक दिया था कुएं में, एक गिरफ्तार

 | 
तार चोरी के दौरान करंट से हुई थी मौत, छिपाने के लिए फेंक दिया था कुएं में, एक गिरफ्तार


उदयपुर, 30 सितम्बर (हि.स.)। उदयपुर जिले के कानोड़ थाना पुलिस ने विरीया गांव स्थित एक कुएं में मिले नाबालिग के शव के सनसनीखेज मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार करने के साथ ही दो बाल अपचारियों को डिटेन किया है। अनुसंधान में सामने आया कि बिजली के तार चोरी करने के दौरान करंट लगने से नाबालिग की मौत हो गई थी, जिसके बाद साक्ष्य मिटाने और कानूनी कार्यवाही से बचने के लिए आरोपिताें ने शव को कुएं में फेंक दिया था।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (खेरवाड़ा) रजत बिश्नोई और पुलिस उप अधीक्षक (वल्लभनगर) श्रवण दास संत के सुपरविजन में थानाधिकारी भंवरलाल के नेतृत्व में गठित टीम ने इस वारदात का पर्दाफाश किया।

पुलिस के अनुसार, गत 24 सितंबर को पीड़ित परिवार ने कानोड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका नाबालिग पुत्र रात को गांव में गणपति दर्शन के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इस पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी।

जांच के दौरान मुखबिर और साइबर सेल के तकनीकी सहयोग से कड़ियां जोड़ी गईं। पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि गांव के ही ईश्वरलाल और उसके साले इन्द्रमल ने अपने साथियों के साथ मिलकर रात में बिजली के तार काटकर चोरी करने की योजना बनाई थी। इस योजना के तहत वे मृतक नाबालिग को भी अपने साथ ले गए थे।

खंभे से तार काटते समय अचानक करंट लगने से नाबालिग नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपित ईश्वरलाल, इन्द्रमल और उनके साथियों ने पकड़े जाने के डर से शव को कुएं में फेंक दिया और फरार हो गए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल आरोपित इन्द्रमल (18) पुत्र शंकर लाल, निवासी बोर का पानी (थाना लसाडिया, जिला सलूंबर) को गिरफ्तार कर लिया है तथा दो नाबालिगों को डिटेन किया है। पुलिस मामले में शामिल मुख्य आरोपित ईश्वरलाल व अन्य फरार साथियों की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता