अनूपपुर: स्थानीय बाजार में बेचने के लिए पहुंचा 714 ग्राम गांजा के साथ कारोबारी गिरफ्तार
अनूपपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की बिजुरी पुलिस ने गुरूवार की शाम न्यू बसस्टैंड के प्रतीक्षालय से गांजा बेचने पहुंचे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 714 ग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी और गांजा सप्लाई करने वाले व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि मोबाइल गश्त के दौरान पुलिस टीम न्यू बस स्टैंड पहुंची थी। यहां प्रतीक्षालय में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा। इस पर वाहन में मौजूद पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम 43 वर्षीय बृजेश कुमार शर्मा निवासी बेलियाछोट, थाना बिजुरी बताया। तलाशी लेने पर हरी सूखी पत्तियां, डंठल और बीज मिले। जांच में यह गांजा निकला।
आरोपी ने बताया कि वह देवगवां निवासी राजेन्द्र द्विवेदी से गांजा खरीदकर लाया था और इसे स्थानीय बाजार में बेचने वाला था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास सिंह, सउनि प्रभाकर पटेल, आरक्षक विश्वजीत मिश्रा, लक्ष्मण डांगी, रोहित भगत और करमजीत सिंह शामिल रहे।
एक सप्ताह में 17 कार्रवाई, ढाई क्विंटल गांजा जब्त
जानकारी के अनुसार जब से पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने जिले की बागडोर सम्हाली हैं तब से जिले की पुलिस सक्रिया नजर आ रहीं हैं। पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत पिछले एक सप्ताह में गांजा तस्करी के मामलों में 17 कार्रवाई कर करीब ढाई क्विंटल गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब सवा करोड़ रुपए बताई गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

