home page

रायपुर के चंगोराभाठा में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, छह गिरफ्तार

 | 
रायपुर के चंगोराभाठा में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, छह गिरफ्तार


रायपुर, 11 नवंबर (हि. स.) । राजधानी रायपुर के चंगोराभाठा इलाके में मामूली बात पर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों में दो युवक और विधि से संघर्षरत चार बालक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और इलेक्ट्रिक ऑटो भी जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 8 नवंबर की रात करीब 11:50 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभाठा रोड की है। यहां रहने वाला सतीश यादव सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान एक इलेक्ट्रिक ऑटो चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सतीश सड़क पर गिर गया। ऑटो में झंडा चौक निवासी मयंक ठाकुर और उसके अन्य साथी सवार थे।

सतीश ने ऑटो चालक को वाहन देखकर चलाने की बात कही तो ऑटो में सवार सभी लोग नीचे उतर आए। इसके बाद उन्होंने गाली-गलौज करते हुए सतीश के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपितों ने जान से मारने की नीयत से धारदार चाकू से उस पर हमला कर दिया, जिससे उठ छसे गंभीर चोटें आईं।

घटना की शिकायत पर डीडी नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 704/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 109(1), 190, 191(2), 191(3) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपितों की तलाश शुरू की। पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर मयंक ठाकुर (19), लक्ष्य निर्मलकर उर्फ आदि (18 वर्ष 6 माह) और विधि से संघर्षरत चार बालकों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू और इलेक्ट्रिक ऑटो जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों मयंक ठाकुर पूर्व में भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत जेल जा चुका है।

पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर