home page

हसनपुरा में पत्रकार स्वराज सिंह पर जानलेवा हमला, फोन कर बुलाकर रची गई साजिश

 | 

सीवान, 23 फ़रवरी (हि.स.)।

सीवान जिले के हसनपुरा थाना क्षेत्र के मेरही गांव में सोमवार की शाम करीब 3:30 बजे पत्रकार स्वराज सिंह पर चार अज्ञात हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला कर दिया। घटना ब्रम्हस्थान के समीप की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार हमलावर लाठी-डंडा और अन्य हथियारों से लैस थे। आरोप है कि बदमाशों ने पहले एक झूठी कहानी गढ़ी और पत्रकार को फोन कर मेरही गांव बुलाया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि किसी पीड़ित व्यक्ति को मीडिया की जरूरत है। जैसे ही स्वराज सिंह ब्रम्हस्थान के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वे घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। फिलहाल उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। हसनपुरा थाना के प्रभारी ने बताया कि आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। संबंधित मोबाइल नंबर को ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

हाल के दिनों में जिले में पत्रकारों पर हमले की घटनाएं बढ़ी हैं। कुछ दिन पूर्व पचरुखी थाना क्षेत्र के भवानी मोड़ के पास शादी समारोह से लौट रहे पत्रकार रमेश सिंह को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से जिले के पत्रकारों में रोष और भय का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma