home page

युवती के बुलाने पर गए युवक का शव मिला, हत्या का आराेप

 | 
युवती के बुलाने पर गए युवक का शव मिला, हत्या का आराेप


रायबरेली, 06 नवंबर (हि. स.)। शिवगढ़ थाना क्षेत्र में युवती के बुलाने पर घर से निकले युवक का शव शुक्रवार को नहर की पटरी पर पड़ा मिला है। युवक के शरीर पर चोटों के निशान थे। उसकी मोटरसाइकिल भी घटनास्थल पर खड़ी मिली। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव नहर किनारे फेंके जाने का आरोप लगाया है। जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी।

पूरन खेड़ा मजरे बहादुर नगर गांव निवासी हरिश्चंद्र का बेटा बृजेश कुमार (25) गुरुवार की रात घर से निकला था। शुक्रवार सुबह बछरावां क्षेत्र के नया पुरवा गांव के पास नहर की पटरी पर उसके शव को ग्रामीणों ने देखा। शव के पास ही बृजेश की मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली। युवक के शरीर पर चोटों के निशान थे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी।

परिजनों के अनुसार, बृजेश की शादी बछरांवा के सेहंगों में सलोनी से तय हुई थी, लेकिन बाद में सहमति नहीं बन सकी। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच अनबन चल रही थी, जबकि बृजेश और सलोनी के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत होती रहती थी। परिजनों का कहना है कि गुरुवार रात सलोनी ने बृजेश को अपने घर बुलाया था। उसके बुलाने पर ही वह घर से निकला था। इसके बाद वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह नहर की पटरी पर बृजेश का शव मिलने के बाद परिजनों ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मृतक के पिता हरिश्चंद्र ने पुलिस को तहरीर देकर बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

बछरांवा के थाना प्रभारी श्यामलाल पाल के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। मृतक के पिता की ओर से तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे