सुरहा धार में मिला युवक का शव,शिनाख्त बोचाभाग के अभिषेक सिंह के रूप में
अररिया 10 सितम्बर(हि.स.)।
फारबिसगंज थाना क्षेत्र के खैरखा पंचायत स्थित खैरखा समौल पथ में सुरहा धार में पुल के समीप एक युवक का शव बरामद किया गया।
शव को देखने सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने शव की पहचान खैरखा पंचायत के बोचाभाग वार्ड संख्या पांच निवासी अभिषेक कुमार सिंह पिता स्व.उमेश सिंह के रूप में की है। उनकी उम्र लगभग 25 वर्ष की होगी।
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। घटनास्थल पर मौजूद पंचायत के सरपंच संतोष कुमार सिंह एवं स्थानीय ग्रामीण श्यामकिशोर सिंह ने बताया कि मृतक फारबिसगंज के टीभीएस शो रूम में कार्यरत था तथा मंगलवार को घर से दिन में फारबिसगंज शो रूम जाने के लिए अपने काम पर निकला था। शाम को घर नही पहुंचने पर रात में स्वजनों एवं ग्रामीणों द्वारा काफी खोजबीन की गई। लेकिन उसका कोई अता पता नही चल पाया।
ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर को सुरहा धार पुल के नीचे एक शव पानी में पड़ा है। इस हो हल्ला पर सैकड़ों की संख्या में पुल के पास लोगों की भीड़ जुट गई। भीड़ में लोगों ने शव की पहचान अभिषेक के रूप में की।
लोगों ने बताया कि युवक का बाइक गायब है।सूचना पर फारबिसगंज थाना के एसआई विजय कुमार सदलबल पहुंच कर मामले की जांच पड़ताल कर शव को अपने कब्जे में लिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने बताया कि शव की पहचान हो गई है।
शव के दोनों घुटने एवं मुंह में चोट के निशान है। पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।स्थानीय लोगों ने बताया की मृतक अविवाहित था। अपने घर का इकलौता चिराग था। जो अपने वृद्ध माता का भरण पोषण करता था।सरपंच ने बताया कि इनकी पिता की मृत्यु चार पांच माह पूर्व हुई है। घर में सिर्फ एक मां है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

