home page

बरहरा पंचायत में फंदे से लटका मिला 60 वर्षीय व्यक्ति का शव, इलाके में सनसनी

 | 
बरहरा पंचायत में फंदे से लटका मिला 60 वर्षीय व्यक्ति का शव, इलाके में सनसनी


सुपौल, 21 फ़रवरी (हि.स.)। जिला के नदी थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहरा पंचायत के पंचगछिया गांव में शनिवार सुबह एक 60 वर्षीय व्यक्ति का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान चलितर कामत के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

बताया जाता है कि शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। झांककर देखने पर चलितर कामत का शव फंदे से लटका पाया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत नदी थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शिशुपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक के दोनों पुत्र मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर रहते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि चलितर कामत पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। आशंका जताई जा रही है कि अवसाद के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।

थानाध्यक्ष शिशुपाल ने पुष्टि की कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पंचगछिया गांव सहित आसपास के इलाकों में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र