बेतवा नदी के किनारे पानी में उतराता मिला महिला का शव
हमीरपुर, 06 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के चिकासी थाना अंतर्गत ग्राम बड़ेरा खालसा के पास बेतवा नदी के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर रविवार को पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पाेस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त की कार्रवाई में जुट गई।
चिकासी थानाध्यक्ष मयंक चंदेल ने रविवार को बताया कि मृतका की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष है। उसका रंग गोरा और कद लगभग पांच फीट दो इंच है। महिला ने पीले रंग की शर्ट पहन रखी है, जिस पर काले रंग के बिंदीनुमा डिजाइन बने हैं। इसके अलावा काले रंग की सलवार पहने हुए है। मृतका के दाहिने हाथ में कलावा बंधा है, जबकि बाएं हाथ में दो लाल रंग और एक हरे रंग की चूड़ी पहनी हुई है। पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के जनपदों में सूचना प्रसारित करने के साथ ही अन्य माध्यमों से भी लगातार प्रयास शुरू कर दिए हैं। चिकासी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति उक्त हुलिए की महिला को पहचानता हो या उसके संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। ---------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

