मनोहरगंज रेलवे स्टेशन के पास मिला शव
कौशांबी, 25 सितंबर (हि.स.)। संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मनोहरगंज असरापुर के पास शुक्रवार को रेलवे लाइन किनारे एक युवक का सिर कटा शव मिला। मृतक की पहचान चायल क्षेत्र के पखासराय गांव निवासी रामू पाल पुत्र विपिन चंद्र पाल के रूप में हुई है। वह दिल्ली में एक कंपनी की गाड़ी चलाता था और छुट्टी लेकर घर लौट रहा था।
परिजनों के मुताबिक, रामू बुधवार को कंपनी के मालिक की गाड़ी छोड़ने के बाद घर के लिए निकला था। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और परिजनों से संपर्क नहीं हुआ। गुरुवार देर रात मूरतगंज पुलिस चौकी से परिजनों को रेलवे लाइन किनारे शव मिलने की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों और मिले दस्तावेजों के आधार पर शव की पहचान की।
परिवार का कहना है कि रामू का मोबाइल फोन और बैग मौके से नहीं मिला। बुधवार को ही उसने अपनी मां से फोन पर बात कर 12 हजार रुपये मंगाए थे। मोबाइल और बैग गायब होने समेत अन्य परिस्थितियों के आधार पर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
मृतक के चचेरे भाई ज्ञानेंद्र पाल ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ शिवांक सिंह ने बताया, युवक की मौत ट्रेन हादसे में हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगा।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

