home page

नवादा में सुम्मा पहाड़ी से अपहृत बच्चे के शव का अवशेष व कपड़ा बरामद

 | 
नवादा में सुम्मा पहाड़ी से अपहृत बच्चे के शव का अवशेष व कपड़ा बरामद


नवादा, 16 मई (हि.स.)। बिहार में नवादा जिले के कौआकोल प्रखंड के सहायक रूपौ थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह एवं भीखमपुर गांव की सीमा से सटे घने जंगल स्थित सुम्मा पहाड़ी से पुलिस ने शनिवार को शेखपुरा जिला से अपहृत 5 वर्षीय बच्चे के शव का अवशेष एवं कपड़ा बरामद किया है।

मृतक की पहचान शेखपुरा जिला के कसार थाना क्षेत्र अंतर्गत बरसा गांव निवासी कन्हैया कुमार पंडित के पुत्र दीपांशु कुमार के रूप में की गई है, जो 7 मई 2026 को रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था। घटना की सूचना पर कसार थाना में मामला दर्ज कर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस को साइबर से अर्जित पैसे के लेन-देन के विवाद को लेकर बच्चे के अपहरण के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संतोष मांझी,प्रदीप मांझी,अजीत मांझी एवं संदीप मांझी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर रूपौ थाना क्षेत्र के सुम्मा पहाड़ी से बच्चे के शव के अवशेष एवं कपड़े बरामद किए गए। घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य संग्रह किया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है तथा अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन