लीची के पेड़ से लटका मिला युवक का शव
सारण, 29 अप्रैल (हि.स.)। जिले में मकेर थाना क्षेत्र के बाघाकोल पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-10 में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पेड़ से लटका मिला।
मृतक की पहचान शिव कुमार राम के पुत्र ध्रुव कुमार केसरी के रूप में हुई है जो एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। घटना के संबंध में बताया जाता है कि ध्रुव मंगलवार शाम काम से लौटा और अपनी मां को पैसे व बैग सौंपकर घर से निकला था। रात करीब 10 बजे के आसपास वह दोबारा शौच का बहाना बनाकर निकला, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आया। खोजबीन के दौरान परिजनों ने उसका शव खलपुरा गांव स्थित गाछी में एक लीची के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका पाया।
मृतक के चाचा भूषण कुमार केसरी ने पट्टीदारों के साथ चल रहे भूमि विवाद को इस घटना की वजह बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भूमि विवाद के कारण ध्रुव को घर नहीं बनाने दिया जा रहा था और अक्सर उसके साथ मारपीट की जाती थी। थानाध्यक्ष संग्राम कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और मोबाइल सीडीआर की जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

