युवक का शव मिला, हत्या की आशंका
लखनऊ, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र में मंगलवार को केले के खेत में युवक का शव मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि महोना चौकी अंतर्गत अकबरपुर गांव के पीछे स्थित एक केले के खेत में युवक का शव मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
ग्रामीणों से सूचना मिलने पर इटौंजा थाना प्रभारी सोबरन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान मड़ियांव के इंद्रपुरी कालोनी निवासी सचिन (22) के रूप में हुई है। मृतक अपने मामा के साथ गया था। शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। परिवार की तहरीर पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

