home page

कानपुर: समझौते के लिए घर से निकला मजदूर मृत मिला, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया

 | 
कानपुर: समझौते के लिए घर से निकला मजदूर मृत मिला, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया


कानपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में रावतपुर थाना क्षेत्र के गुरुदेव क्रॉसिंग के पास मंगलवार को एक युवक का शव रेलवे ट्रैक किनारे मिला। मृतक के परिजनों ने संपत्ति विवाद के चलते हत्या कर शव ट्रैक के पास फेंके जाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान नवाबगंज थाना क्षेत्र के गिल्ली पुरवा निवासी मजदूर हरिशंकर निषाद (45) के रूप में हुई है। परिवार में पत्नी सुशीला और बेटा शोभित हैं।

परिजनों के अनुसार, परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर हरिशंकर और उनके ताऊ रमेश के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि ताऊ ने पहले बंटवारे के बाद खेत अपने नाम करा लिया था और बाद में नवाबगंज स्थित मकान में भी हिस्सेदारी को लेकर विवाद बना हुआ था। जिसे लेकर बीती देर शाम सोमवार को गांव का एक युवक हरिशंकर को यह कहकर अपने साथ ले गया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया जाएगा। इसके बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह गुरुदेव क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक किनारे शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।

बेटे शोभित ने आरोप लगाया कि संपत्ति विवाद के चलते उनके पिता की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक के किनारे फेंका गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप