रामपुर में वर्षा शालिका में मिला नेपाली युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी
शिमला, 09 मई (हि.स.)। शिमला जिला के रामपुर क्षेत्र में एक नेपाली मूल के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक चौधरी अड्डा क्षेत्र में बनी एक वर्षा शालिका में अचेत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर शाम थाना रामपुर में सूचना मिली थी कि चौधरी अड्डा में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही एएसआई सरजु राम पुलिस टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचने पर वहां नेपाली मूल के दो व्यक्ति मौजूद मिले। उनकी मौजूदगी में अचेत व्यक्ति को बारिश शालिका से उठाकर उपचार के लिए खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। मौके पर मौजूद नेपाली नागरिकों ने मृतक की पहचान 32 वर्षीय कर्ण ओली के रूप में की है। वह नेपाल के रापती आंचल के बूरुकम जिला स्थित अर्मा गांव पालिका का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस ने मृतक के शरीर का मौके पर मौजूद लोगों की उपस्थिति में बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस द्वारा मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ भी की गई, लेकिन किसी ने भी युवक की मौत को लेकर किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया।
फिलहाल मृतक के परिजनों से संपर्क नहीं हो पाया है। पुलिस उनकी तलाश और संपर्क करने का प्रयास कर रही है। शव को पहचान की पुष्टि और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने तक अस्पताल खनेरी के शव गृह में सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत अमल में लाई जा रही है। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

