home page

मस्जिद के शौचालय से बिजली मिस्त्री का शव बरामद, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

 | 
मस्जिद के शौचालय से बिजली मिस्त्री का शव बरामद, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार


सुपौल, 15 मार्च (हि.स.)। जिले के प्रतापगंज बाजार स्थित थाना रोड की जामा मस्जिद के शौचालय से रविवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

मृतक की पहचान भवानीपुर दक्षिण पंचायत के इस्लामपुर गांव निवासी अब्दुल नासिर के दामाद अधिनी अहमद के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह मूल रूप से राजस्थान के श्रीगंगानगर का रहने वाला था और पेशे से बिजली मिस्त्री का काम करता था। पिछले करीब दस महीनों से वह अपनी पत्नी के गांव इस्लामपुर में रह रहा था।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे युवक जामा मस्जिद पहुंचा और वहां रुकने की अनुमति मांगी। मानवीय आधार पर मस्जिद के एक कमरे में उसे ठहरने की अनुमति दे दी गई। रविवार सुबह उसे जगाया गया, कुछ देर तक वह बाहर बैठा रहा और फिर कहीं चला गया।

दोपहर में जब नमाज के लिए लोग मस्जिद पहुंचे तो शौचालय का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो लोगों को शक हुआ। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर युवक का शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही बीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार अधिनी अहमद पहले अधिनी सिंह नाम से जाना जाता था और बाद में उसने धर्म परिवर्तन कर लिया था। करीब तीन वर्ष पहले उसने प्रतापगंज की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। दंपति के दो बच्चे भी हैं—एक डेढ़ वर्ष की बेटी और चार महीने का बेटा।

परिजनों ने बताया कि शनिवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद युवक घर से निकल गया था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र