home page

सड़क किनारे मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

 | 

देवरिया, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद देवरिया के सुरौली थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिला । सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान संजय निषाद (40) पुत्र नगउर के रूप में हुई है। बुधवार शाम वह बाजार से साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के बाहर सड़क किनारे उनका शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। शव के पास ही उनकी साइकिल भी खड़ी मिली, जिससे घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।स्थानीय लोगों से मिली सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सका।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।

इस संबंध में कोतवाल राकेश राय से बात की गई उन्होंने बताया कि शव की पहचान हो गई है । परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है ।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक