रेलवे ट्रैक किनारे युवक का मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
कानपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के घाटमपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात काे एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सोमवार को उसका शव टेनापुर मोड़ के सामने पतारा गौशाला के पीछे रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पड़ताल में जुट गई है।
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि मृतक की पहचान गुजैनी निवासी राजेश उर्फ छोटू (22) के रूप में हुई। वह बचपन से ही अपने मामा कालका प्रसाद के साथ टेनापुर में रहता था। उन्होंने बताया कि राजेश खलासी का काम करता था। राजेश देर रात तक घर नहीं पहुंचा ताे परिजनाें ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता ना चल सका। आज ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के पास उसका शव देख कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई करेगी।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

