home page

पसगवां में गन्ने के खेत के किनारे मिला युवक का शव, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

 | 
पसगवां में गन्ने के खेत के किनारे मिला युवक का शव, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य


पसगवां में गन्ने के खेत के किनारे मिला युवक का शव, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य


लखीमपुर खीरी, 29 अगस्त (हि.स.)। थाना पसगवां क्षेत्र की ग्राम पंचायत पाण्डेवारी के मजरा छपौरा में शनिवार को सड़क किनारे राज किशोर के गन्ने के खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अवधेश पुत्र गिरिवर, निवासी ग्राम पचतौर (थाना मोहम्मदी) के रूप में हुई है, जिसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार मृतक अवधेश का विवाह वर्ष 2022 में छपौरा निवासी गंगाराम पुत्र जयलाल की दूसरी पुत्री से हुआ था, जिनसे उनका एक बेटा है। परिजनों के अनुसार, अवधेश रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी ससुराल आया हुआ था। मृतक के जीजा (कलेक्टर पुत्र मथुरा प्रसाद) ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर ससुराल पक्ष के लोगों धूली देवी, मीना देवी, गंगाराम, अजय कुमार, अमित, अर्चना और वर्षा पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या कर शव खेत में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है।

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, अवधेश पर पूर्व में अपने चचिया ससुर मेवाराम की हत्या का भी आरोप था और वह तीन महीने जेल में बिताने के बाद जमानत पर बाहर आया था। जेल से छूटने के बाद ससुराल पक्ष के यहां 7 राउंड फायरिंग की घटना सामने आई थी।

घटना की सूचना मिलते ही पसगवां इंस्पेक्टर जितेंद्र प्रताप सिंह और सीओ मोहम्मदी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से साक्ष्य एकत्र किए। जांच के दौरान गन्ने के खेत के बाहर मृतक की मोटर साइकिल खड़ी मिली, जबकि शव खेत के अंदर पाया गया। बाइक के हैंडल पर टंगा हेलमेट पीछे से टूटा हुआ मिला है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि मृतक के सिर पर पीछे से किसी भारी चीज से हमला किया गया होगा।

फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने बाइक, टूटे हुए हेलमेट और आसपास के स्थानों से फिंगरप्रिंट्स व अन्य जरूरी जैविक नमूने संकलित कर सील बंद कर दिए हैं। फिलहाल, पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव