मुर्गी और मछली फार्म संचालक की संदिग्ध हालत में मिला शव,गांजा तस्करी में हत्या की आशंका,पुलिस जांच में जुटी
अररिया 28 अक्टूबर(हि.स.)।
जिले के घूरना थाना क्षेत्र के पथराहा पंचायत के वार्ड-14 में बुधवार को मुर्गी और मछली फार्म चलाने वाले 45 वर्षीय इजरायल उर्फ धरमा का शव भारत-नेपाल सीमा के पास संदिग्ध हालत में मिला।
शव सीमा सड़क से नहर चौक जाने वाले रास्ते पर मतेबुल रहमान के घर के पास मिला। यपरिजनों ने गांजा तस्करी से जुड़े विवाद में हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने शरीर पर चोट के निशान होने की बात भी कही है। सूचना के बाद मौके पर घूरना थानाध्यक्ष सुमन कुमारी पुलिस अधिकारी और बलों के साथ मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी।एफएसएल की टीम को बुलाया गया,जिन्होंने मौके से कई सैंपल कलेक्ट किए।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार शाम से ही धरमा गायब था। पंचायत सरकार भवन के पास उनका मुर्गी और मछली फार्म था। इसी से वह परिवार का खर्च चलाते थे। काफी खोजने के बाद भी उनका पता नहीं चला तो परिजनों ने घूरना थानाध्यक्ष सुमन कुमारी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।
परिजनों ने बताया कि बुधवार को कुछ लोग धरमा को सीमा सड़क के पास लेकर आए। उन्होंने परिवार वालों से कहा कि धरमा जिन्दा है, उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना होगा। इसके लिए चारपहिया गाड़ी भी मंगाई गई। इसी दौरान परिजनों ने उनकी नब्ज जांची तो पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है। इसके बाद परिवार में रोना-पीटना शुरू हो गया।
परिजनों ने बताया कि धरमा के शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान थे। उन्होंने आंख को नुकसान पहुंचाने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया। परिवार को शक है कि कुछ लोग शव को नेपाल की ओर ले जाकर ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, हत्या की वजह और शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
मृतक के दो बेटे और दो बेटियां हैं। चारों बच्चे नाबालिग हैं। परिजनों के अनुसार, धरमा ही परिवार में कमाने वाले था।
मामले पर घूरना थानाध्यक्ष सुमन कुमारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगा।कई बिंदुओं पर पुलिस की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

