संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में मिला बुजुर्ग का शव
अमेठी, 06 मार्च (हि.स.)। जामो थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग का शव गांव के बाहर शुक्रवार को कुएं में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी।
जामो थाना क्षेत्र के दुनिया सिंह का पूर्व मजरे बरौलिया गांव की है। यहां के रहने वाले रामआसरे (65) दो दिन पहले किसी काम से घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार सुबह गांव के बाहर स्थित एक कुएं में ग्रामीणों की नजर एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखा तो शव रामआसरे का निकला। यह खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरबी और जामो थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर शव मिला है, उसके पास ही मृतक का खेत भी है। ऐसे में यह भी आशंका जताई जा रही है कि बुजुर्ग खेत की ओर गए होंगे, लेकिन उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई यह अभी साफ नहीं हो पाया है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि बुजुर्ग का शव कुएं से बरामद कर लिया गया है। परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

