संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ की मौत, खेत की तार में करंट लगने की आशंका
अमेठी, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के
अमेठी जनपद के जामो थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक अधेड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक दुकान के पास पड़ा मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जामों। क्षेत्र में मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। इसकी जानकारी थाना जामो पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान पर्वतपुर मजरे सम्भई निवासी सुनील कुमार (50) पुत्र राम लखन के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक को सोमवार देर रात शराब के नशे में देखा गया था। बताया जा रहा है कि मृतक शराब पीने का आदी था और बीती रात भी ठेके के पास काफी देर तक बैठा रहा।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, मृतक शराब पीकर साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए तार से साइकिल टकरा गई, जिससे वह असंतुलित होकर तार पर गिर गया। आशंका जताई जा रही है कि तार में सोलर पैनल से करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
जामो थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर साक्ष्य जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

