home page

आम के बाग में अज्ञात महिला का शव मिला

 | 
आम के बाग में अज्ञात महिला का शव मिला


फर्रुखाबाद, 27 फरवरी (हि.स.)। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक अज्ञात महिला का शव आम के बाग में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में जांच में जुट गई ।

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि ग्राम मझोला के मजरा श्याम नगर स्थित अथर खां निवासी सुभानपुर का आम का बाग है। पेड़ के नीचे शुक्रवार को एक महिला का शव मिला। सूचना पर एएसपी, क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी, इंस्पेक्ट आमोद कुमार, कस्बा चौकी प्रभारी सोमवीर सिंह मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। महिला के गले में निशान और उसकी जीभ बाहर निकल रही थी। इससे लग रहा था कि महिला की गला घोंट कर हत्या की गई है। महिला लाल रंग का स्वेटर, गुलाबी-सफेद रंग का कुर्ता, नीले रंग का प्रिंटिड लोअर पहने थी। पैरों में बिछिया थी, जिससे महिला शादीशुदा प्रतीत हो रही है। महिला का रंग गेहुंआ और उम्र लगभग 28 साल की होगी। यहां के लोगों से मृतका के बारे में पूछा गया, लेकिन किसी ने भी उसकी शिनाख्त नहीं की।

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि महिला का शव किसी अन्य स्थान से लाकर यहां पर डाला गया है। शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की जा रही है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar