पेड़ से लटका मिला युवक का शव, गले पर रस्सी और चोट के निशान से हत्या की आशंका
सुपौल, 05 अक्टूबर (हि.स.)।
नदी थाना क्षेत्र के सिसौनी में सोमवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र के बथनाहा गांव निवासी शिव कुमार मंडल (22) के रूप में हुई है।
युवक पिछले करीब एक महीने से सिसौनी में अपनी बहन के घर रह रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार सुबह कुछ लोग शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटके युवक के शव पर पड़ी।
इसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई और पुलिस को भी जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर नदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतारकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में युवक के गले पर रस्सी के निशान के साथ शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। वहीं, शव के पैर जमीन से सटे होने की बात भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, घटना से दो दिन पहले युवक का एक पड़ोसी से विवाद हुआ था और उसके साथ मारपीट भी हुई थी। इस कारण पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
युवक की मौत हत्या है या आत्महत्या, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पड़ोसियों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। नदी थाना अध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे युवक का शव पेड़ से लटके होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मृतक के गले पर जख्म के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले के सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

